BJP Manifesto : केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा, ऑटो-टैक्सी चालकों के लिए बनेगा बोर्ड



 नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को  'संकल्प पत्र' को जारी किया। भाजपा तीन चरणों में संकल्प पत्र जारी कर रही है। जिसमें से आज दूसरा भाग जारी किया गया है। जिसमें दिल्ली की जनता से  कई वादे किए गए हैं। संकल्प पत्र के दूसरे भाग को पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने जारी किया है। 

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि दिल्ली के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 15,000 रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता दी जाएगी। दो बार की यात्रा और आवेदन शुल्क की प्रतिपूर्ति भी होगी। यह मोदी की गारंटी है। जब हम विकसित भारत की कल्पना करते हैं, तो विकसित दिल्ली की एक अहम भूमिका है। विकसित दिल्ली संकल्प पत्र 2025 के संबंध में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने आपके सामने पहले अपनी बात रखी थी, आज उसके दूसरे भाग को लेकर मैं आप सबके सामने आया हूं।

आगे कहा कि हमारी सरकार बनने पर हम स्वास्थ्य, यातायात, बिजली, पानी और परिवहन आदि से जुड़ी समस्याओं का हल करेंगे। दिल्ली वालों को बेहतर आज और बेहतर कल देने का प्रयास करेंगे। भाजपा की जहां भी सरकारें रही, जन-कल्याण उनकी प्राथमिकता और केंद्र बिंदु रहा। केंद्र सरकार में भी हमने राज्यों के सहयोग से नागरिकों की समस्याओं का जहां समाधान किया, वहीं पर उनको सुविधाएं भी दी। पिछले 10 वर्षों में भाजपा सरकार ने दलालों को खत्म कर दिया है। डीबीटी के माध्यम से जन-कल्याणकारी योजनाओं को लागू किया। भ्रष्टाचार के प्रति मोदी सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस की है। दिल्ली के सरकारी शिक्षण संस्थानों में दिल्ली के जरूरतमंद छात्रों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। 


भाजपा का संकल्प  पत्र पार्ट-2 की घोषणाएं-

जरूरतमंद छात्रों को KG से PG तक मुफ्त शिक्षा

एससी छात्रों को हर महीने एक हजार रुपये की मदद

ऑटो-टैक्सी वालों के लिए वेलफेयर बोर्ड

युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 15 हजार रुपये की मदद

दो बार के यात्रा और आवेदन शुल्क की प्रतिपूर्ति का भी वादा

भाजपा का संकल्प पत्र पार्ट-1 की घोषणाएं -

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संकल्प पत्र (घोषणा पत्र) जारी किया था। उन्होंने दिल्ली वासियों से वादा कि दिल्ली में जन कल्याण की चल रहीं वर्तमान योजनाएं उनकी सरकार (भाजपा) बनने के बाद भी जारी रहेंगी। योजनाओं से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत और उनमें सुधार किया जाएगा। उनको भ्रष्टाचार मुक्त भी किया जाएगा। भाजपा का संकल्प पत्र तीन चरणों में लागू होगा। 

Post a Comment

Previous Post Next Post